नोयडा : साइबर ठगों की निगाहें अब ट्विटर और गूगल पर
# दो लोगों को बनाया निशाना, ठगे 1लाख 96 हजार
नोयडा/लखनऊ।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
साइबर जालसाज अब ट्विटर और गूगल पर नजर गड़ाए हुए हैं। जालसाजों ने रेलवे टिकट रिफंड के लिए ट्विटर पर शिकायत करने पर एक युवक से 95 हजार रुपये ठग लिए। इसके अलावा पेंशन रुकने पर कस्टमर केयर पर कॉल कर आरोपियों ने 75 वर्षीय रिटायर्ड जनरल मैनेजर से 98,924 रुपये ठग लिए। दोनों मामलों में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पूर्वांचल हाइट्स सोसाइटी निवासी 75 वर्षीय जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह एक कंपनी से जनरल मैनेजर के पद से सेवानिवृत हुए थे। उनकी पेंशन किसी वजह से रुक गई थी। इसके चलते उन्होंने गूगल से ईपीएफ दफ्तर का नंबर लेकर कॉल की। उनके मोबाइल पर बाद में कॉल आई। कॉलर ने उनसे पेंशन शुरू कराने का झांसा देकर डेबिट कार्ड की फोटो कॉपी मांग ली। इसके बाद आरोपी अन्य निजी जानकारी भी हासिल कर उनके खाते से दो बार में 98924 रुपये निकाल लिए। इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों को देकर उन्होंने डेबिट कार्ड आदि को ब्लॉक कराया और पुलिस को शिकायत दी।

इधर, डेल्टा-1 निवासी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने आईआरसीटीसी के एप से टिकट बुक कराई थी। लेकिन टिकट बुक नहीं हो पाई और उनके खाते से रुपये कट गए। रिफंड के लिए उन्होंने ट्वीट किया। साइबर ठगों ने उनसे संपर्क कर रिफंड वापस दिलाने का झांसा दिया और निजी जानकारी हासिल कर उनके खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर सेल की जांच के बाद अब सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

# ये बरतें सावधानी
ट्विटर पर शिकायत करते समय मोबाइल नंबर आदि शेयर न करें।
गूगल से लिए गए नंबर की जांच करने के बाद ही डायल करें।
अनजान व्यक्ति की कॉल आने पर निजी जानकारी शेयर न करें।
अनजान व्यक्ति के भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।
















