पत्नी और पिता के कथित अवैध संबंधों से परेशान युवक ने दोनों को गोली से उड़ाया
# बुलंदशहर के कलंदरगढ़ी गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी,आरोपी फरार
बुलंदशहर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।कोतवाली देहात क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई।आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया,जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार गांव निवासी मोमिन अपनी पत्नी सना (22) और पिता रियाजुद्दीन (50) के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से परेशान चल रहा था।इस बात को लेकर घर में आए दिन विवाद और झगड़ा होता रहता था।परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक मोमिन ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह और सामाजिक बदनामी से आक्रोशित मोमिन ने देर रात खौफनाक कदम उठा लिया।

जब घर के लोग सो रहे थे,तभी उसने अपनी पत्नी और पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घर में खून से लथपथ शव पड़े मिले।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी और ससुर के बीच कथित अवैध संबंधों की बात सामने आई है।इसी से क्षुब्ध होकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी मोमिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















