पहले धर्म छिपाकर दोस्ती, फिर किया युवती से दुष्कर्म
# लव जिहाद का आरोप, मुकदमा दर्ज
लखनऊ। आर एस वर्मा तहलका 24×7 मोहनलालगंज कस्बे में रहने वाली एक युवती ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए कालेश्वरपुरम निवासी निहाल सिद्दीकी पर मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि युवक ने धर्म छिपाकर पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया। फिर उसका शोषण किया और पैसे भी वसूले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर कुलदीप दूबे के मुताबिक, युवती ने बताया कि वर्ष 2016 में कस्बे में फोन रीचार्ज के दौरान आरोपी से जान-पहचान हुई थी। तब उसने अपना नाम आशीष मिश्रा बताया था।
इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी और नजदीकियां बढ़ गईं। एक दिन युवक ने बहाने से अपने ऑफिस में बुलाया और नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। इस बीच युवक ने घर की परेशानियों का हवाला देकर उससे काफी रुपये ऐंठ लिए। इसी दौरान युवती को पता चला कि आरोपी का असली नाम निहाल सिद्दीकी है। इस पर युवती ने उससे दूरियां बना लीं। इससे चिढ़े युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मई 2022 में फिर से युवती पर दबाव बनाया। आजिज आकर पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई। इंस्पेक्टर के मुताबिक, आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा चुकी है। धरपकड़ के लिए टीम बना दी गई है।