पारिवारिक कलह में मां ने डेढ़ साल के बेटे का गला दबाया, पुलिस की सक्रियता से बची जान
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के राजेतारा (पिण्डरा) गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई,जहां गुस्से में आकर मां अपने ही डेढ़ वर्षीय बेटे की जान लेने पर उतारू हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस की तत्परता से मासूम की जान बच गई।जानकारी के अनुसार राजेतारा गांव निवासी नीलू देवी का अपने पति संतोष कुमार राम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में नीलू देवी ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे शौर्य का गला दबाना शुरू कर दिया।मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। इसी बीच किसी ने फूलपुर थाने को फोन कर घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही थाने पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर अनुराधा कुशवाहा हमराही महिला सिपाही चंदा देवी के साथ बिना देर किए स्कूटी से मौके पर पहुंच गईं और उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बच्चे को मां के चंगुल से छुड़ाया।

उप निरीक्षक अनुराधा कुशवाहा ने मासूम को तुरंत पिण्डरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं,जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया।समय पर उपचार मिलने से बच्चे की जान बच गई।घटना के बाद पुलिस ने पति संतोष कुमार राम,पत्नी नीलू देवी के साथ परिवार के अन्य सदस्यों को थाने बुलाया।वहां आपसी सहमति से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया।
















