फर्जी आरटीओ,एसडीएम और माइंस अधिकारी बनकर वसूली करने वाला गिरोह गिरफ्तार,चार आरोपी दबोचे
बांदा।
तहलका 24×7
बांदा कोतवाली नगर पुलिस ने फर्जी आरटीओ,माइंस अधिकारी और एसडीएम बनकर वाहन चालकों से रंगदारी व अवैध वसूली करने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उनके कब्जे से वसूली में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन,एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन,फर्जी दस्तावेज और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार,17 जुलाई को कोतवाली नगर क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने सूचना दी कि कुछ लोग खुद को सरकारी अधिकारी बताकर वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहे हैं।सूचना पर पुलिस ने मवई बाईपास पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जिलों में फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर ट्रक,ई-रिक्शा और अन्य वाहनों को रोकते थे।

वाहन चालकों की फोटो खींचकर चालान, वाहन सीज करने या कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उनसे रुपये वसूलते थे।वसूली की रकम सभी आरोपी आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।आरोपियों के पास से 5,400 रुपए नकद,वसूली में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन,एक लैपटॉप,विभिन्न दस्तावेजों से भरी एक फाइल,चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

आरोपियों की पहचान सौरभ,निवासी रीवा मध्य प्रदेश, कमल,राज कुमार व संतोष कुमार,निवासी चित्रकूट के रुप में हुई।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अन्य किन-किन जनपदों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है और उनका आपराधिक इतिहास क्या रहा है।

















