बरसाती नाले में बह गई मां-बेटी, आठ माह की मासूम का शव मिला, मां की तलाश जारी
सोनभद्र।
तहलका 24×7
अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ीमोड़ में बरसाती नाले के तेज बहाव में मां और उसकी आठ माह की बेटी बह गईं।काफी तलाश के बाद मासूम का शव बरामद हो गया,जबकि महिला का देर रात तक कोई सुराग नहीं लग सका।पुलिस और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे हैं।

जानकारी के अनुसार,औड़ीमोड़ स्थित एमटीसी कार्यालय के पीछे बस्ती निवासी सविता देवी (25) पत्नी राकेश कुमार बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी आठ माह की बेटी को साथ लेकर घर के पीछे स्थित बरसाती नाले के पास शौच के लिए गई थीं।इसी दौरान अचानक हुई बारिश से नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में मां-बेटी बह गईं।देर रात जब राकेश कुमार घर पहुंचे और पत्नी के बारे में पूछा तो परिजनों ने बताया कि वह अभी तक वापस नहीं लौटी हैं।

इसके बाद परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरु की। तलाश के दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर महिला की साड़ी मिली।वहीं,अनपरा तापीय परियोजना के गेस्ट हाउस के पीछे नाले में आठ माह की बच्ची का शव लकड़ी में कपड़े के सहारे फंसा हुआ मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं,लापता महिला की तलाश नाले और आसपास के क्षेत्रों में जारी है।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


















