बाइक सवार बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर को गोलियों से भूनकर उतारा मौत के घाट, फैली सनसनी
मेरठ।
तहलका 24×7
कचहरी से लौट प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये। पुलिस इसे आपसी रंजिश मानकर जांच में जुटी है। तीन टीमों को इस हत्या के खुलासे के लिए लगाया गया है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हाशिमपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र के सुभाष नगर में कोर्ट से काम पूरा करने के बाद रिक्शे से वापस घर आ रहे प्रॉपर्टी डीलर सलीम (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर रिक्शे को घेर लिया। इसके बाद सलीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गये। सलीम एक बैनामे को लेकर कचहरी गये थे। मौके पर पहुंची पुलिस घायल सलीम को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

मौके पर एसपी सिटी, सीओ सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि तीन टीमें हत्या के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। सलीम की कुछ लोगों से रंजिश थी।फॉरेन्सिक एक्सपर्ट ने साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक करने के लिए निर्देश दिये हैं। सलीम की कुछ लोगों से मुकदमेबाजी चल रही थी। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।















