बिना स्थगनादेश निर्माण रुकवाने का आरोप,पीड़िता ने समाधान दिवस पर लगाई गुहार
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
थाना समाधान दिवस पर पीड़िता ने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।कस्बा निवासी कुसुम सिंह ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्थगनादेश के उनकी रजिस्ट्रीशुदा भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया।पीड़िता के अनुसार नगर के सोंधी वार्ड स्थित उनकी भूमि का मामला न्यायालय में लंबित था,जिसमें ट्रायल के बाद फैसला उनके पक्ष में हुआ,इसके बावजूद राजस्व कर्मियों और पुलिस की मिलीभगत से बिना किसी सक्षम न्यायालय के स्थगनादेश के निर्माण कार्य को रोक दिया गया।

पीड़िता कुसुम सिंह ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायालय के आदेश की अनदेखी करते हुए राजनीतिक प्रभाव में आकर नियम-कानून को दरकिनार किया जा रहा है और उन्हें अनावश्यक रुप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अपने जान-माल की सुरक्षा की भी मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक ने रिपोर्ट में बताया कि मामला न्यायालय में लम्बित है,जो न्यायालय का आदेश होगा उसका पालन होगा।पुलिस न तो निर्माण कार्य करवा रही है और न ही रुकवा रही है।बताया कि समाधान दिवस में कुल छह प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए,जिनमें से किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।सभी मामले राजस्व से संबंधित थे।निस्तारण के लिए टीम गठित कर निस्तारण के लिए भेजा गया है।

















