महिला टप्पेबाजों का शिकार बने शिक्षक,बैग से नकदी व सामान पार
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र में इन दिनों जहां पुलिस जहरखुरानी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही है,वहीं उचक्कागिरी करने वाले गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं।ताजा मामला शनिवार देर शाम का है,जब एक शिक्षक महिला टप्पेबाजों का शिकार हो गए और उनके बैग से नकदी समेत कीमती सामान पार कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार सरपतहा थाना क्षेत्र के चिलबिली (हसनपुर) गांव निवासी वरुण कुमार त्रिपाठी बहराइच जनपद में शिक्षक हैं।शनिवार को वह घर लौट रहे थे। उनके पास एक पिट्ठू बैग और एक बड़ा बैग था। सुल्तानपुर के कादीपुर में उतरने के बाद वह शाहगंज जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए।ऑटो में भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने पिट्ठू बैग को बड़े बैग में रखकर पीछे रख दिया।इसी दौरान दो महिलाएं पीछे आईं और पहले से बैठे एक युवक को आगे बैठा दिया तथा खुद बैग के पास बैठ गईं।

सूरापुर पहुंचने पर दोनों महिलाएं उतरते समय बैग युवक को थमाने की बात कहकर चली गईं।इस दौरान शिक्षक को कोई संदेह नहीं हुआ और ऑटो आगे बढ़ गया।घर पहुंचकर जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें रखे करीब पांच हजार रुपये नकद व अन्य घरेलू सामान गायब थे। यह देख वह स्तब्ध रह गए।घटना के बाद क्षेत्र में महिला उचक्कों के सक्रिय होने की चर्चा है।हालांकि पीड़ित की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।

















