बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए पिता ने रची साजिश, ‘हादसे’ की आड़ में आरोपी को ट्रक से कुचलवाया
सोनभद्र।
तहलका 24×7
जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया,जहां बेटे की हत्या से आहत पिता ने दो साल तक साजिश रचकर आरोपी की हत्या‘सड़क हादसे’का रुप देकर करवा दी।पुलिस के अनुसार, घोरावल थाना क्षेत्र के पेढ़ गांव निवासी मंगल पाल के 9 वर्षीय बेटे अनुराग का मार्च 2023 में अपहरण कर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में गांव के ही राजेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था,लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया।

बेटे की मौत से आक्रोशित मंगल पाल ने बदला लेने की योजना बनाई।जांच में सामने आया कि उसने करीब 4.30 लाख रुपये में मिर्जापुर से एक पुराना ट्रक खरीदा और उसे अपने रिश्तेदार व ड्राइवर अभय पाल के पास खड़ा कर दिया।साजिश में अभय पाल और अशोक मांझी को भी शामिल किया गया।8 दिसंबर 2025 को जब राजेश यादव अपनी कार से घोरावल कचहरी जा रहा था,तभी खुटहा बाईपास के पास ट्रक से उसकी कार में जोरदार टक्कर मारी गई।

हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना गया।हालांकि बाद में पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और एक ऑडियो क्लिप मिली,जिससे मामला खुल गया।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना नहीं,बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस ने ट्रक चालक अभय पाल को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि मुख्य आरोपी मंगल पाल और उसका सहयोगी अशोक मांझी फरार हैं।दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।एक ओर जहां यह मामला कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है,वहीं दूसरी ओर एक पिता के दर्द और प्रतिशोध की भयावह तस्वीर भी सामने लाता है।

















