यूपीआई पेमेंट करने वालों के लिए जल्द आ सकता है नया नियम
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
भारत में यूपीआई पेमेंट का चलन दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। अब तक पेमेंट के लिए 4 या 6 डिजिट का पिन डालना जरुरी होता है, लेकिन जल्द ही यह तरीका बदल सकता है। हालिया मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यूपीआई पेमेंट को और ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाने की दिशा में काम कर रहा है, और यह नया तरीका ‘फेस आईडी’ या ‘फिंगरप्रिंट’ हो सकता है।

अब तक हम यूपीआई पेमेंट करते वक्त PIN डालते हैं। लेकिन अगर यह सिस्टम आपके फोन में फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन से काम करने लगे, तो न पिन याद रखना पड़ेगा और न ही बार-बार टाइप करना होगा। सिर्फ चेहरा दिखाने या अंगूठा लगाने पर पेमेंट हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यूपीआई को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से लिंक करना चाहता है। आजकल लगभग हर स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट अनलॉक या फेस अनलॉक मौजूद होता है, और इन्हें डुप्लिकेट करना आसान नहीं होता, यहां तक कि अनुभवी हैकर्स के लिए भी।
















