यूपी के बेसिक स्कूलों में बड़ा बदलाव:अब हर विद्यालय खुद बनाएगा टाइम टेबल
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने एक बड़ा निर्णय लिया है।महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार अब प्रदेश के सभी स्कूलों को अपनी जरूरत और उपलब्ध शिक्षकों के आधार पर लचीली समय सारिणी (टाइम टेबल) बनाने की अनुमति दे दी गई है।अब तक प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से सभी विद्यालयों में एक समान टाइम टेबल लागू किया जाता था।

लेकिन कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी के चलते इस व्यवस्था में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।इसी को देखते हुए विभाग ने यह बदलाव लागू किया है।नई व्यवस्था के तहत हर पीरियड की अवधि 40 मिनट तय की गई है। पढ़ाई की शुरुआत पिछले पाठ की पुनरावृत्ति से होगी, इसके बाद मुख्य शिक्षण कार्य और अंत में पुनरावलोकन कराया जाएगा,ताकि छात्रों की समझ बेहतर हो सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी कक्षा में पीरियड खाली न रहे।

विभागीय निर्देशों के अनुसार प्राथमिक स्तर पर भाषा और गणित के विषय रोजाना पढ़ाए जाएंगे,जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित,अंग्रेजी और विज्ञान के पीरियड प्रतिदिन अनिवार्य होंगे।इसके अलावा मिड-डे मील के लिए 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।इस नई व्यवस्था से उम्मीद जताई जा रही है कि स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों की सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होगी।















