यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी चूक, मोबाइल समेत पकड़ा गया अभ्यर्थी, दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मी निलंबित

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी चूक,मोबाइल समेत पकड़ा गया अभ्यर्थी,दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मी निलंबित

हापुड़। 
तहलका 24×7 
            उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। पिलखुवा स्थित एक परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी अंडरवियर में मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंच गया।बाद में वह शौचालय में जाकर मोबाइल की मदद से प्रश्नपत्र हल करने का प्रयास कर रहा था,तभी चेकिंग टीम ने उसे पकड़ लिया।मामले में दो उपनिरीक्षकों समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरु कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा के सर्वोदय इंटर कॉलेज को भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाया गया था।केंद्र पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर और शारीरिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था।इसके बावजूद अमरोहा जिले के रफातपुरा निवासी सचिन सुरक्षा जांच को चकमा देकर मोबाइल फोन अंदर ले जाने में सफल हो गया।बताया गया कि परीक्षा कक्ष में जाने से पहले उसने मोबाइल फोन पुरुष शौचालय में छिपा दिया था।
परीक्षा शुरु होने के कुछ समय बाद वह शौच का बहाना बनाकर शौचालय पहुंचा और मोबाइल के जरिए प्रश्नों के उत्तर खोजने लगा।पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान अनुक्रमांक 4500701221 वाला अभ्यर्थी काफी देर तक शौचालय से बाहर नहीं आया,जिससे कर्मचारियों को संदेह हुआ।जांच करने पर उसके पास से प्रतिबंधित मोबाइल फोन बरामद हुआ।प्राथमिक पूछताछ में अभ्यर्थी ने स्वीकार किया कि वह मोबाइल को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र में लाया था।
इसके बाद केंद्र प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर कोतवाली में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।एसपी ने बताया कि मामले की जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई है।इसके चलते दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरु कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Previous articleथाने के मालखाने से पिस्टल और कारतूस गायब, रिटायर्ड दीवान पर मुकदमा
Next articleपुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और पिता की सड़क हादसे में मौत
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?