रमाकांत यादव से यारी,आजम खान पर कैसी लाचारी : ओपी राजभर
# अखिलेश यादव मेरी सक्रियता से बेचैन, सरकार हर गरीब तक पहुंचा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
राज्य सरकार के मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को क्षेत्र के सबरहद उजरौटी में आयोजित जन चौपाल में कहा कि एक दौर था जब लुटेरों को नायक बना दिया गया था, लेकिन अब इतिहास बदला जा रहा है। बहराइच की पहचान अब महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा से होगी, जो पिछड़ों और वंचितों के सम्मान का प्रतीक हैं।राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरी सक्रियता से अखिलेश यादव काफी परेशान हैं।

चुटकी लेते हुए कहा कि इस राजभर से रातभर बेचैन रहते हैं। कहा मुसलमान को केवल वोट बैंक बनाकर साइकिल के कैरियर पर बैठाए रखा है, कभी कैरियर पर खुद बैठें तो उसकी पीड़ा का आभास समझ में आए।
उन्होंने कहा कि आज आजम खान की परेशानी को नजरअंदाज करने वाले अखिलेश यादव रमाकांत यादव से मिलने आजमगढ़ जाते हैं, लेकिन आजम खान से मिलना उन्हें गवारा नही। कहा सुभासपा उस वर्ग की आवाज है जिसे केवल वोटबैंक की तरह इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब गरीबों तक सीधा पहुंच रहा है। अब तक 15 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। 51 अल्पसंख्यक वर्ग के युवा आईएएस बन चुके हैं। बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का लोन दिया जा रहा है। साथ ही आयुष्मान योजना से जल्द ही 140 करोड़ लोगों को फायदा होगा। इसके पूर्व मंत्री ने सबरहद पंचायत भवन में स्थापित महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
















