रोस्टर लगाकर चला सफाई अभियान
# जल निकासी की समस्या से ग्रामीणों को मिली राहत
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
विकास खंड शाहगंज सोंधी के ग्राम पंचायत कौड़िया में सोमवार को विशेष सफाई अभियान चलाकर जल निकासी की समस्या का समाधान किया गया। भादी न्याय पंचायत के सफाई कर्मचारियों का रोस्टर लगाकर गांव की चोक नालियों की सफाई कराई गई, जिससे लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिली।

ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य जल निकासी की नाली वर्षों से विवाद के कारण अधूरी पड़ी थी।नाली के अवरुद्ध होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते नालियां चोक हो गई थीं और सड़कों पर पानी बहता था।इससे लोगों को आवागमन में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने तहसील दिवस से लेकर आईजीआरएस पोर्टल तक कई बार शिकायतें दर्ज कराईं,लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

सोमवार को एडीओ पंचायत दीपक यादव ने गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया।उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर बातचीत की और वर्षों पुराने विवाद का आपसी सहमति से निस्तारण कराया।इसके बाद सफाई कर्मचारियों का रोस्टर बनाकर नालियों की सफाई कराई गई तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी गांव की साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर नियमित ध्यान दिया जाएगा।


















