लखनऊ : पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने की भाजपा मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात
# मुलाकात पर राजनैतिक पंडितों की गुणा-गणित शुरू, गर्म हुआ चर्चाओं का बाजार
जौनपुर/लखनऊ।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
जौनपुर के पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह ने यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह से गुरुवार को एक मुलाकात की। इस दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद रहे। वाजपेयी 2022 विधानसभा चुनाव से पहले ज्वानिंग कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं, वहीं दयाशंकर सिंह ज्वानिंग कमेटी के सदस्य थे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

माना जा रहा है कि लोकसभा के चुनाव की बिसात बिछना शुरू हो गई है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। वहीं लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इस मुलाकात पर कहा कि इस मुलाकात के कोई मायने नहीं है।

गौरतलब है कि बाहुबली धनंजय सिंह लंबे समय तक बसपा के साथ जुड़े रहे और जौनपुर से सांसद चुने गए थे।बाद में पार्टी से अलग होकर उन्होंने जौनपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उनकी पत्नी जौनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। वह बाद में नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए और उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। अब इस मुलाकात के बाद नए समीकरण बनने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। हालांकि नेताओं की तरफ से इस पर स्पष्ट कोई बयान अभी तक सामने नहीं है।

विदित हो कि जौनपुर की राजनीति में दो नेता ही जनपद की राजनीति की दिशा और दशा मोड़ने की ताकत रखते हैं। एक मिनी मुलायम का तमगा लिए पूर्व सांसद स्व. पारस नाथ यादव दूजे पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह.. वर्तमान समय में पूर्व सांसद पारस नाथ यादव के देहावसान के उपरांत अब धनंजय सिंह जनपद की राजनीति के मुख्य धुरी हो गये हैं। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के मंत्रियों से धनंजय सिंह की मुलाकात ने चर्चाओं के माहौल को खासा गर्म कर दिया है। राजनैतिक पंडितों ने अपने-अपने हिसाब से इस मुलाकात के मायने निकालना शुरू कर दिया है।

















