लखनऊ : होटल लेवाना सुइट्स में लगी भीषण आग, चार की मौत, 16 घायल
# होटल मालिक व जीएम समेत चार पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ। आर एस वर्मा तहलका 24×7 हजरतगंज के चार सितारा होटल लेवाना सुइट्स में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। इससे तीन मंजिला होटल आग की चपेट में आ गया और हर कमरे में धुंआ भर गया। हादसे के वक्त होटल में ठहरे मेहमान नींद में थे। धुआं भरने से दम घुटने लगा तो उनकीं आंखें खुल गईं और जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। 16 लोग घायल हो गए। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने होटल मालिक रोहित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, जीएम सागर श्रीवास्तव व पवन अग्रवाल पर लापरवाही व गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। रोहित, राहुल व सागर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक जांच के बाद होटल सील कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों से बातचीत कर राहत कार्य के निर्देश दिये। वहीं प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने दोपहर में मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर की संयुक्त कमेटी गठित कर जांच का आदेश दिया। आदेश मिलते ही मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है। पुलिस ने घटना में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बिजली के पैनल रूम में शॉर्ट सर्किट की वजह से सुबह करीब सात बजे आग लग गई। होटल के 30 में से 18 कमरे बुक थे। इनमें 30 यात्री ठहरे हुए थे। स्टाफ को मिला लें तो हादसे के वक्त होटल में करीब 60 लोग मौजूद थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने करीब सात घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 26 लोगों को बाहर निकाला। इनमें से चार की मौत हो चुकी थी। होटल में मौजूद बाकी लोग हादसा होते ही बाहर निकल गए थे। मृतकों में सभी लखनऊ के थे। इनमें नाका के गुरनूर आनंद, उनकी मंगेतर साहिब कौर, खुर्रमनगर का अमान गाजी, इंदिरानगर की श्राविका संत थे। गुरनूर व साहिब की जनवरी में शादी होने वाली थी। वे रविवार रात को होटल में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
# घायलों की सूची
हादसे में अंश कौशिक, कामिनी, दिल्ली की मोना, श्रवण कुमार, राजकुमार, चंद्रेश यादव, आनंद उपाध्याय, प्रदीप मौर्या, रोहित यादव, बच्चू लाल, शिव बाबू, रवि पटेल, प्रमोद मिश्रा, गणेश मौर्या, दिनेश मौर्या और कमला प्रसाद शामिल हैं।
# होटल में फंसे लोगों की सूची
होटल लेवाना में हादसे के समय कर्मचारी व यात्रियों की सूची प्रशासन ने जारी की। जिसमें मोना, अंश कौशिक, कामिनी, चंद्रेश, आनंद उपाध्याय, प्रदीप मौर्य, अनुज गोयल, अभिषेक शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, अंकित विशाल, इमरान जहा, श्रेया तिवारी, शिखर, प्रवीन गुप्ता, फरहीन अंसारी, शिवम अवस्थी, संदीप त्यागी, इशान श्रीवास्तव, मोहित अग्रवाल, पीबी सिंह, महक वर्मा व शाकिब खान शामिल है। वहीं होटल के कमरा नंबर 314 में ठहरी नैना तिवारी, कमरा नंबर 206 में ठहरे उज्जवल मिश्रा लापता हैं। इन दोनों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस के मुताबिक मोबाइल बंद आ रहा है।