लेखपाल भर्ती परीक्षा: प्रशासन अलर्ट मोड पर,बनाए गए 21 परीक्षा केंद्र
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण,निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी क्रम में आयोग के सचिव ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में बताया गया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं,जहां करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है, जबकि निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।इनकी निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा,यातायात एवं परिवहन व्यवस्था सुचारु रखी जाए,ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व),वरिष्ठ कोषाधिकारी, एआरटीओ,क्षेत्राधिकारी नगर,एआरएम रोडवेज,जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

















