वाराणसी एयरपोर्ट के नाम पर चल रहा है फर्जी ट्विटर एकाउंट
# नौकरी लगवाने के नाम पर हो रही आये दिन ठगी
वाराणसी। मनीष वर्मा तहलका 24×7 लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नाम से ट्विटर पर फर्जी अकाउंट चल रहा है। इसकी जानकारी होने के बाद एयरपोर्ट के अधिकारी हैरान हो गए। फर्जी अकाउंट संचालक ने स्टेट्स में आफिशियल एक्टिव अकाउंट आफ वाराणसी एयरपोर्ट लिखा है। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर आए दिन ठगी हो रही है। ऐसे में फर्जी अकाउंट बनाकर भी ठगी की जा सकती है।
वाराणसी एयरपोर्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए ट्विटर अकाउंट बनाया गया है। वहीं, एयरपोर्ट के नाम से ही दूसरा फर्जी अकाउंट बनाए जाने के बाद लोगों में जहां भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। फर्जी अकाउंट के प्रोफाइल फोटो पर एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया का लोगो और फोटो भी लगा है। इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया कि फर्जी अकाउंट के बारे में जानकारी मिली है। इसे बंद करवाने के लिए ट्विटर को ई-मेल किया जाएगा। साइबर सेल से भी शिकायत की जाएगी, जिससे फर्जी अकाउंट को संचालित करने वाले के बारे में जानकारी एकत्र करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
# विमानन कंपनियां बैग का वजन बढ़ाकर कर रही कमाई
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर लगे इलेक्ट्रानिक मशीन पर एक यात्री के बैग का वजन अलग-अलग डिस्प्ले बोर्ड पर शो करने लगा। यह देख परेशान विमान यात्री ने फिर ट्रायल किया तो दोनों मशीन पर अलग-अलग वजन शो कर रहा था। विमान यात्री ने ट्वीट करके एयरपोर्ट प्रशासन से इसकी शिकायत की है। यात्री का कहना है कि विमानन कंपनियां यात्रियों के बैग का वजन बढ़ाकर कमाई कर रही हैं।
विमान यात्री श्याम प्रकाश का कहना है कि 16 अगस्त को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद बोर्डिंग के समय काउंटर नंबर 16 पर उनके सूटकेस का वजन 18.5 बताया गया। शक होने पर दूसरे काउंटर पर वजन कराया तो सूटकेस का वजन 14.5 किलो डिस्प्ले पर दिखाने लगा। यह देख मैं हैरान हो गया। आरोप है कि वजन में बढ़ोतरी करके वाराणसी एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों से कमाई की जा रही है। इस बारे में एयरपोर्ट के संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने बताया कि यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कार्रवाई तय है।