वाराणसी : DCP को बंद लिफाफा देने के प्रयास में सिगरा इंस्पेक्टर निलंबित
वाराणसी। मनीष वर्मा तहलका 24×7 कमिश्नरेट पुलिस वाराणसी के दो थाना प्रभारियों पर गाज गिर गई। लापरवाही, भ्रष्ट आचरण और अनुशासनहीनता पर सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को निलंबित किया गया। वहीं, शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एसआर गौतम को लाइन हाजिर किया गया। डीसीपी वरुणा आरती सिंह को बंद लिफाफा (घूस) देने के प्रयास में सिगरा इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया।
चर्चा है कि पुलिस भाषा में कहे तो एग्जाई देने का प्रयास इंस्पेक्टर कर रहे थे, जो आईपीएस रैंक की अधिकारी आरती सिंह को नागवार गुजरी और इंस्पेक्टर की इस करतूत की शिकायत पुलिस आयुक्त से की। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए बैठक से बाहर कर दिया। ।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के निर्देश पर दोनों थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई। सिगरा थाने की कमान इंस्पेक्टर राजू सिंह और लालपुर-पांडेयपुर के थाना प्रभारी सतीश यादव को शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाने की कमान उपेंद्र सिंह को सौंपी गई।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार पिछली कई शिकायतों के आधार पर दोनों प्रभारियों पर कार्रवाई की गई। शिवपुर थाना प्रभारी एसआर गौतम की जांच कैंट एसीपी से कराई जा रही थी। वहीं, सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के खिलाफ भ्रष्ट आचरण पर विभागीय कार्रवाई की गई।