शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भण्डाफोड़
# महिला समेत दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
पुलिस ने शनिवार को शादी का झांसा देकर ठगी करने के मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत दो को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर विधिक कार्यवाही करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि राजस्थान के झुंझुनू जिला के खेतड़ी तहसील के मेहाड़ा थाना क्षेत्र के डाडा फतेहपुर गांव निवासी पृथ्वी सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह ने लिखित सूचना के माध्यम से क्षेत्र के ललई पुत्र शिवचरण निवासी सन्दहा थाना सरायख्वाजा, बजंरगी पुत्र नंदलाल निवासी मलहज थाना शाहगंज, बृजेश व एक महिला कामिनी पत्नी अमरजीत निवासी मोहमदाबाद खेतासराय के विरूद्ध तहरीर दिया था।

आरोप है कि महिला अपने आपको को लड़की की चाची बताकर लड़के की शादी कराने की बात की और उसे खेतासराय बुलाया। जिससे मोटी रकम ठगकर फरार हो गई।सूचना के आधार पर पुलिस अभियोग दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी रही, इसी बीच पुलिस ने आरोपी ललई पुत्र शिवचरन व कामिनी पत्नी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष श्री राय ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि हम लोगों का एक सक्रिय गिरोह है जो राजस्थान, मध्यप्रदेश व पश्चिम बंगाल के लोगों से सम्पर्क स्थापित कर शादी के लिए बुलाया जाता है, फिर उनको विश्वास में लेकर लड़की का फोटो दिखाकर शादी, बारात के लिए एडवांस में मोटी रकम ली जाती है। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले कि गहनता से जांच की जा रही है। इनका तार कहां से जुड़ा है, गिरोह में शामिल अन्य की तलाश की जा रही है, जल्द ही और लोग भी सलाखों के पीछे होंगे।
















