संभल : नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री पर सात जिलों की संयुक्त टीमों ने मारा छापा 

संभल : नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री पर सात जिलों की संयुक्त टीमों ने मारा छापा 

# 40 लाख से ज्यादा कीमत की नकली दवाइयां व इंजेक्शन बरामद, फैक्ट्री मालिक समेत दो गिरफ्तार 

संभल/लखनऊ। 
विजय आनंद वर्मा 
तहलका 24×7 
                 संभल जिले में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री पर 7 जिलों की संयुक्त टीम ने असिस्टेंट कमिश्नर के नेतृत्व में छापेमारी की कार्रवाई की है। पुलिस टीम को करीब 40 लाख से ज्यादा कीमत की नकली दवाइयां और इंजेक्शन मिले हैं। वहीं पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिले में बड़े स्तर पर नामी-गिरामी कंपनियों की नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री और गोदाम की जानकारी प्रशासन को मिली थी। इसके बाद मुरादाबाद मंडल के असिस्टेंट कमिश्नर दीपक शर्मा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इसमें गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद,अमरोहा और संभल जनपद सहित 7 जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर शामिल थे।
संयुक्त टीमों ने संभल कोतवाली पुलिस के साथ मुरादाबाद रोड स्थित राम विहार कॉलोनी और शहजादी सराय में घर में छापेमारी की।राम विहार कॉलोनी के मकान में नकली दवाइयां का गोदाम बना हुआ था। वहीं शहजादी सराय के घर में नकली दवाएं बनाने की फैक्ट्री चल रही थी।
गोदाम पर छापेमारी के दौरान नकली तैयार दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। इसमें औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम से ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयां और सिरप के साथ दवाइयों के रैपर, सिरप की खाली शीशियां और ब्रांडेड कंपनियों के नाम छपे डिब्बे के साथ ही रॉ मैटीरियल, नकली दवाइयां और सिरप बनाने वाली मशीन बरामद किया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक रामबाबू सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री मालिक आयुर्वेदिक दवाओं का लाइसेंस लेकर नकली एलोपैथिक दवाइयां बनाने का धंधा कर रहा था।
मामले में मुरादाबाद मंडल के औषधि विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर दीपक शर्मा ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय को संभल में अवैध एलोपैथिक दवाइयां बनाने और स्टॉक होने की जानकारी दी गई थी। छापेमारी के दौरान 35 से 40 लाख रुपए की नकली दवाइयां बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई अभी जारी रहेगी और इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। छापेमारी के दौरान बड़ी-बड़ी नामचीन कंपनियों के नकली दवाइयां, सिरप, इंजेक्शन के साथ-साथ भारी मात्रा में रॉ मैटेरियल बरामद किया गया है।
Previous articleलखनऊ : पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने की भाजपा मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात
Next articleसंवेदनहीनता का पराकाष्ठा… फर्श पर घायल तड़पता रहा और आवारा कुत्ता खून चाटता रहा
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?