संविदा कर्मी से संबंध और उत्पीड़न के आरोप,ईओ के खिलाफ एसपी से शिकायत
हरदोई।
तहलका 24×7
शाहाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर के खिलाफ एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।आरोप है कि उनकी पत्नी,जो नगर पंचायत पाली में संविदा कर्मी के रुप में कार्यरत रही हैं,का ईओ के साथ निकट संबंध है और इसी कारण उनका पारिवारिक जीवन प्रभावित हुआ है।

पाली थाना क्षेत्र के निवासी देवेंद्र कुमार मिश्रा ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रीना मिश्रा घर से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी लेकर चली गई और वर्तमान में ईओ के साथ रह रही है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित किया गया तथा जान-माल की धमकियां दी जा रही हैं।

शिकायतकर्ता ने ईओ और अपनी पत्नी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि,समाचार लिखे जाने तक आरोपों के संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।वहीं,अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर का पक्ष भी प्राप्त नहीं हो सका है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















