सड़क हादसे कम करने की तैयारी, डीएम ने बनाई नई कार्ययोजना
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए हादसों में कमी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चांदपुर अंडरपास से सिटी स्टेशन तक स्ट्रीट लाइट लगाने,जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यालयों में जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक बनाया जाए।

बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों को पहले जागरूक एवं प्रेरित करने,स्कूल वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच कराने तथा सड़क निर्माण के दौरान मानकों के अनुरुप स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने सड़क किनारे तथा विद्युत पोलों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए,ताकि रात्रि के समय दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया,मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट,जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी रहे।

















