भ्रामक खबर से बुनकरों की आजीविका पर संकट का आरोप
# जिलाधिकारी से ईटीवी संवाददाता के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग
वाराणसी।
तहलका 24×7
बुनकर एवं बुनाई मशीन निर्माता योगेश कुमार सिंह ने ईटीवी उत्तर प्रदेश की संवाददाता प्रतिमा तिवारी पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक समाचार प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी वाराणसी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।योगेश कुमार सिंह का आरोप है कि प्रसारित वीडियो में जिस साड़ी बुनाई मशीन को बंद बताया गया है,वह वास्तव में चालू अवस्था में थी और उस पर ताना-बाना स्पष्ट रुप से लगा हुआ दिखाई दे रहा था।

इसके बावजूद समाचार में बुनकरों का काम पूरी तरह ठप होने और उनकी स्थिति अत्यंत खराब होने का दावा किया गया,जो वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भ्रामक खबरों का सबसे गंभीर प्रभाव बुनकर समुदाय की आजीविका पर पड़ सकता है।अधिकांश बुनकर घरेलू आवश्यकताओं तथा बुनाई में प्रयुक्त कच्चा माल स्थानीय व्यापारियों से मासिक उधारी पर प्राप्त करते हैं।यदि व्यापारियों के बीच यह धारणा बनती है कि बुनकरों का काम पूरी तरह बंद हो गया है,तो वे उधार पर सामान देना बंद कर सकते हैं।

इससे हजारों बुनकर परिवार आर्थिक संकट में आ सकते हैं।योगेश कुमार सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में कई अन्य तथ्यों को भी बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के प्रस्तुत किया गया है।उनका कहना है कि पत्रकारिता में तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता सर्वोपरि है तथा किसी भी भ्रामक प्रस्तुति से पूरे बुनकर समाज की छवि और कारोबार प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रसारित समाचार और वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए,सभी तथ्यों का सत्यापन कराया जाए,यदि समाचार भ्रामक पाया जाए तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।साथ ही,वास्तविक स्थिति को सार्वजनिक कर बुनकर समुदाय में फैली आशंकाओं को दूर करने की भी मांग की है।

















