साड़ी के फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश, परिवार में मातम
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र के अशोकपुर खुर्द गांव में सोमवार सुबह घर में ही 26 वर्षीया विवाहिता की साड़ी के फंदे से लटकी हुई लाश मिली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उक्त गांव निवासी दीपक हरिजन की शादी लगभग आठ माह पहले अलीपुर क्षेत्र की सपना से हुई थी।पति दीपक रोजी रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहकर परिवार के भरण-पोषण के जुगाड़ में रहता है।

जबकि घर पर पत्नी सपना अपनी दो छोटी ननद और दृष्टिहीन सास के साथ जिम्मेदारियों को निभा रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात आंधी में गिरे आम को चुनने के बाद घर में सोने चली गई, जबकि दो ननदें और सास घर के दालान में सो गई। सुबह परिवार के उठने पर जब बहू को आवाज लगाने के बाद भी वह नही आई तो ननद घर के अंदर गयी जहां साड़ी के सहारे मृतका की लाश लटकी देख उसके होश उड़ गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर अलीपुर स्थित मायके वाले भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। इधर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर लाश को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर है।















