सीएम के निर्देश पर परिजनों को 10 लाख का प्रमाण पत्र,विधायक द्वय ने सौंपा
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
घमहापुर में युवा उद्यमी मनीष सिंह की हत्या में सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह व एमएलसी/जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर 10 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा।

विधायक द्वय ने मृतक की दादी सावित्री देवी को प्रमाण पत्र देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की और घटना की निंदा की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अपराधी कोई भी हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा।

बताया गया कि मुख्यमंत्री के काशी आगमन के दौरान इस घटना की जानकारी दी गई थी, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। प्रशासन के अनुसार स्वीकृत धनराशि पीड़ित परिवार के खाते में भेज दी गई है। इस मौके पर एडीएम वित्त, डीसीपी नीतू कादयान, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार कुलवंत सिंह समेत जनप्रतिनिधि व गणमान्य मौजूद रहे।















