सुप्रीम कोर्ट में सप्ताह में दो दिन होगी ऑनलाइन सुनवाई
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने ईंधन बचत और अनावश्यक यात्रा कम करने के उद्देश्य से न्यायिक कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया है।अब सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को मामलों की सुनवाई पूरी तरह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन होगी। इन दिनों वकीलों और याचिकाकर्ताओं को अदालत परिसर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

सुप्रीम कोर्ट प्रशासन की ओर से जारी नई व्यवस्था के अनुसार मंगलवार,बुधवार और गुरुवार को न्यायालय का कामकाज हाइब्रिड मोड में संचालित होगा।इसमें वकील और पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार शारीरिक रुप से उपस्थित होने या ऑनलाइन जुड़ने का विकल्प चुन सकेंगे।बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और यात्रा कम करने की अपील के बाद यह कदम उठाया गया है।

इसके तहत सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के विभिन्न सेक्शन और शाखाओं में 50 प्रतिशत तक कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन‘वर्क फ्रॉम होम’ की अनुमति दी गई है।इसके अलावा ईंधन के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों ने भी आपस में कार पूलिंग करने का निर्णय लिया है।न्यायालय के इस फैसले को आधुनिक तकनीक के उपयोग,पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों की बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















