सुल्तानपुर : घड़ीसाज की पार्टी को 425 करोड़ रुपये चंदा
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 जिले में पड़े आयकर के छापे में एक घड़ीसाज की पार्टी को 425 करोड़ रुपये चंदा मिलने का खुलासा हुआ है। चंदे का कनेक्शन गुजरात के हवाला कारोबारियों से है। दो साल पहले आयकर विभाग की ओर से दी गई 65 लाख रुपये की नोटिस पर गंभीर नहीं होने पर विभाग ने छापा डाला है। बुधवार को 16 घंटे चले छापे के बाद आयकर विभाग की टीम कई अहम दस्तावेज साथ ले गई है।
शहर के अन्नू चौराहा निवासी अपना देश पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल माबूद इदरीशी की चौक मेें घड़ी की एक छोटी सी दुकान है। उन्होंने वर्ष 2013 में पार्टी का पंजीकरण कराया था। अब्दुल माबूद ने अब्दुल रज्जाक को गुजरात प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। इसके बाद ही कालाधन सफेद करने के लिए चंदे का खेल शुरू हो गया। तब से आज तक पार्टी के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में करीब 425 करोड़ रुपये का टर्नओवर हो गया। सूत्रों के मुताबिक चंदे में आई धनराशि चार से पांच फीसदी कमीशन काटकर भेजने वाले हवाला कारोबारियों को वापस की जाती रही। अब्दुल माबूद के मुताबिक करीब दो साल उन्हें पहले 65 लाख रुपये पार्टी को चंदा मिलने की नोटिस आई थी।
नोटिस मिलने पर उन्हें पार्टी को चंदा मिलने की जानकारी हुई। उसका जवाब आयकर विभाग को भेज दिया गया था। बताया कि आयकर का छापा पड़ने के बाद पार्टी के खाते में 425 करोड़ रुपये का टर्नओवर होने की जानकारी हुई। अब्दुल माबूद का कहना कि गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक ने उनका फर्जी पैन कार्ड बनवाकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अहमदाबाद में पार्टी का खाता खोल लिया है। पार्टी का बैंक खाता खोलने की अनुमति उनकी ओर से अब्दुल रज्जाक को नहीं दी गई है। कहा कि जल्द ही अब्दुल रज्जाक के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराएंगे।
सूत्रों के मुताबिक करीब दो साल के भीतर पार्टी के खाते में ज्यादा टर्नओवर हुआ है। बुधवार को करीब 16 घंटे जांच के बाद आयकर की टीम वापस हो गई। छापे के दौरान आयकर टीम ने पार्टी के रिकॉर्ड को खंगालने के साथ ही अब्दुल माबूद इदरीशी के आधार, पैन कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य कागजातों की भी जांच की। कुछ कागजात आयकर टीम अपने साथ ले गई है।