सुल्तानपुर : बाइक पर तीन सवार, हादसे में दो युवकों की मौत
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 बाइक पर ट्रिपलिंग के दौरान हुए हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार तीसरा युवक बाल-बाल बच गया। एक साथ दो मौतों से घमहा गांव में कोहराम मचा है।
चांदा क्षेत्र के घमहा गांव निवासी मौसम तिवारी (24) बृहस्पतिवार को गांव के चंद्र प्रकाश तिवारी उर्फ आशू (24) और पड़ोस के गांव मधुपुरी निवासी रोहित तिवारी के साथ बाजार गया था। तीनों रात करीब साढ़े नौ बजे एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में कस्बा चांदा के बगल कर्बला वाली बाग के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई।
दुर्घटना में चंद्र प्रकाश तिवारी उर्फ आशू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मौसम तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार रोहित तिवारी बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने मौसम को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन मौसम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।