सुल्तानपुर : चोरी की 17 घटनाओं का खुलासा, महिला समेत चार गिरफ्तार
सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई चोरी की 17 घटनाओं में लिप्त महिला समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में सर्राफा व्यवसायी को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास 27 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

बढ़ौली तिराहे के पास से पकड़े गए आरोपियों में जीत बहादुर प्रजापति उर्फ जीतू निवासी लोकनाथपुर बालचंद्र पट्टी, अभिषेक उर्फ अखिलेश निवासी शाहपुर बगिया, दोस्तपुर और शीतला प्रसाद निवासी बिनवन सरैया, मोतिगरपुर शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जिले में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया हैं। पुलिस के मुताबिक जीत बहादुर और अभिषेक ने बताया कि चोरी के सामान को वे शीतला की पत्नी सुंदरावती के पास रखते थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने शीतला की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।

डीआईजी/ एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने जिले के मोतिगरपुर, दोस्तपुर, कादीपुर, जयसिंहपुर, अखंडनगर और करौंदीकलां क्षेत्रों में चोरी की 17 घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी चोरी के जेवरात को सर्राफा व्यवसायी हरिओम सोनी निवासी लोकनाथपुर, दोस्तपुर को देते थे। हरिओम उन्हें गलाकर दूसरे जेवरात बनाकर बेच देता था। पूछताछ के बाद पुलिस ने सर्राफा व्यवसायी की दुकान पर छापा मारकर चोरी के जेवरात भी बरामद कर लिए। पुलिस टीम ने सर्राफा व्यवसायी समेत पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया।

















