सुल्तानपुर : दिनदहाड़े भतीजे को गोली मारकर बदमाशों ने बुआ से लूट ली चेन
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 जिले में सक्रिय बदमाशों ने क्षेत्र में रविवार को बाइक सवार युवक को गोली मारकर उसकी बुआ के गले से सोने की चेन लूट ली। इस घटना में घायल युवक को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लूट की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर सीएचसी पहुंचे और घायल युवक से पूछताछ की।
दोस्तपुर क्षेत्र के बहोरापुर गांव निवासी नितेश यादव (22) रविवार को अपनी बुआ सीमा यादव और कमलेश यादव को बाइक पर बैठाकर दोस्तपुर बाजार से घर लौट रहा था। रास्ते में बहोरापुर रेहटी मोड़ के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने नितेश को ओवरटेक करके रोक लिया। नितेश जब तक कुछ समझता दो बदमाशों ने उसकी बाइक से चाबी निकाल ली और सीमा के गले से सोने की चेन छीन ली। नितेश ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली नितेश के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इस बीच तीनों लुटेरे कैथी जलालपुर की तरफ बाइक से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल नितेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दिनदहाड़े लूट के दौरान गोली मारे जाने की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर रमेश सीएचसी पहुंचे और घायल नितेश से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उधर, लगातार लूट और छिनैती की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। बदमाश सरेराह घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।