सुल्तानपुर : हाईटेंशन तार पर पेड़ गिरने से एक लाख आबादी बिजली गुल
अखण्डनगर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 क्षेत्र के दूल्हापुर के पास 33 केवीए हाईटेंशन लाइन के तार पर पेड़ गिरने से अखंडनगर व रतनपुर विद्युत उपकेंद्र ठप्प हो गया। दोनों उपकेंद्र बंद होने से करीब एक लाख आबादी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। पेड़ हटाए जाने के बाद भी देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
कादीपुर से अखंडनगर उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन के तार पर रविवार को दोपहर करीब एक बजे दूल्हापुर के पास यूकेलिप्टस का एक पेड़ उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन टूटकर नीचे आ गई। पोल पर लगे चीनी मिट्टी के इंसुलेटर टूट गए। लाइन गिरने से अखंडनगर व रतनपुर उपकेंद्र बंद हो गया। दोनों उपकेंद्र बंद होने की सूचना पर विद्युत वितरण में खलबली मच गई। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पेड़ को हटवाने के साथ मरम्मत कार्य शुरू करवाया। देर शाम गिरे पेड़ को हटवा दिया गया लेकिन लाइन की मरम्मत का कार्य जारी था। इसके चलते आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली बाधित होने से दोनों उपकेंद्रों से जुड़ी करीब एक लाख आबादी परेशान रही। कादीपुर के एक्सईएन चंद्रबिंदु प्रसाद ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा कराकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।