स्कूल चलो अभियान: नामांकन बढ़ाने को सड़कों पर उतरे नौनिहाल
खुटहन,जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय इमामपुर के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता प्रभात फेरी निकाली।रैली के माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रुप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।

प्रभात फेरी को ग्राम प्रधान संतलाल सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।हाथों में जागरूकता तख्तियां लिए बच्चों ने”सब पढ़ें,सब बढ़ें”और”हर बच्चा स्कूल जाए,शिक्षा का अधिकार पाए”जैसे नारों के साथ गांव की गलियों का भ्रमण किया।इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व का संदेश देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की प्रधानाध्यापक मनोज यादव ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन हो।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।इस अवसर पर प्रदीप यादव,मोहम्मद अजीज,अजीत कुमार,कृष्ण कुमार दुबे,शुजात अख्तर जैदी,पूर्व प्रधान शिव प्रसाद चौधरी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

















