स्कूल मर्ज किए जाने की सूचना पर प्रधान के नेतृत्व में उमड़ पड़े ग्रामवासी
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
स्थानीय खण्ड शिक्षा अधिकारी आनन्द प्रकाश सिंह द्वारा स्कूल मर्ज किए जाने की सूचना मिलते ही सलेमपुर के ग्रामवासियों का गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर जमावड़ा सा लग गया। इस दौरान ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष समेत स्कूली बच्चे और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा कम संख्या वाले स्कूलों को दूसरे जगहों पर मर्ज किए जाने का फरमान जारी किया गया है।

इसी कड़ी में क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल सलेमपुर को भी मर्ज किए जाने की सूचना पाते ही शनिवार को ग्रामीण, ग्राम प्रधान उमाशंकर यादव के नेतृत्व में स्कूल पर उमड़ पड़े और प्रभारी प्रधानाध्यापिका वन्दना अग्रहरि से मामले की पुष्टि की। प्रभारी द्वारा सूचना की पुष्टि करते ही ग्रामीण भड़क गए और प्रदर्शन करते हुए आदेश के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय बंद नहीं होगा, मर्जर प्रस्ताव वापस लो आदि नारे लगाए।

यदि उक्त स्कूल मर्ज किया गया तो अब तक शिक्षा क्षेत्र के मर्ज किए गए स्कूलों की संख्या पांच हो जाएगी।इस बाबत खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि अभी कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन विद्यालय का नाम सूची में है। यदि ग्रामीण अपना प्रस्ताव देंगे तो स्कूल मर्ज हो जाएगा।इस दौरान एसएमसी अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, वन्दना, पूनम, अनीता, घनश्याम पाण्डेय समेत अन्य ग्रामीण और बच्चे मौजूद रहे।
















