हाइवे पर कीचड़ से नाराज ग्रामीणों ने रुकवाया बाईपास निर्माण कार्य

हाइवे पर कीचड़ से नाराज ग्रामीणों ने रुकवाया बाईपास निर्माण कार्य

# अंडरपास-122 के पास सड़क की बदहाली पर प्रदर्शन, एनएचआई मैनेजर के आश्वासन पर माने ग्रामीण

खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7
              वाराणसी-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैनुद्दीनपुर गांव के पास निर्माणाधीन बाईपास के अंडरपास संख्या-122 के निकट सड़क पर फैले कीचड़ और मिट्टी के मलबे से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा।नाराज ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोक प्रदर्शन किया।अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और निर्माण कार्य दोबारा शुरु कराया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण सड़क पर लंबे समय से कीचड़ और मिट्टी जमा है।बरसात में मार्ग पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाता है,जिससे राहगीरों,स्कूली बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण अजीत सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं,लेकिन कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क पर जीएसबी (गिट्टी) तक नहीं डलवाई जा रही है। बरसात के दौरान भारी वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और आवागमन प्रभावित रहता है।
प्रमोद यादव ने कहा कि प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं।वहीं विनोद प्रजापति ने बताया कि यह समस्या पिछले करीब एक महीने से बनी हुई है।बारिश के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा भी कीचड़ में फंस जाते हैं।शनिवार सुबह भी कई स्कूली बच्चे फिसलकर गिर पड़े।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एनएचएआई के हाईवे मैनेजर गोपाल कृष्ण बेंद्रे ने ग्रामीणों से बातचीत की।
उन्होंने बताया कि लगातार बारिश और मार्ग संकरा होने के कारण मिट्टी जमा होकर कीचड़ बन रही है।समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही सड़क पर गिट्टी डलवाने का आश्वासन दिया।अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया,जिसके बाद बाईपास निर्माण कार्य पुनः शुरु हो गया।प्रदर्शन में डॉ. लालबहादुर यादव,प्रमोद कुमार यादव,अजीत सिंह, विनोद विश्वकर्मा,राहुल यादव,सर्वेश,आलोक,मनीष, प्रवेश,शिवम,शिवाकांत यादव,राजेश प्रजापति, रामप्रकाश,राम उजागिर,रमेश,हबीबुल्लाह,विवेक,सिंटू, बबलू,यदुनाथ,शोभनाथ,अवनीश,अनुराग,डॉ.पवन कुमार,नंदलाल,आनंद,ज्ञान कुमार,प्रांजल,अंश,आकाश, संजय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Previous articleअब नकली पुलिस चौकी भी: मेरठ में फर्जी सीओ, दरोगा और सिपाहियों का गिरोह पकड़ा गया
Next articleभरोसे का मिला धोखा! रिश्तेदार पर 70 लाख रुपये गबन का आरोप
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?