हाईटेंशन तार टूटकर खेत में गिरा, करेंट की चपेट में आने से किसान की मौत
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 बल्दीराय क्षेत्र के अरवल गांव निवासी उमेश चंद्र मौर्य (45) मंगलवार की सुबह अपने खेत में फसल देखने गए थे। खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा पड़ा था। उस पर उमेश चंद्र का पैर पड़ जाने से उन्हें करंट लग गया।
हादसे की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उमेश के जीवित होने की उम्मीद में उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे जानकारी लेने के साथ ही शव को पोर्स्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उमेश की मौत से पत्नी फूलकांती का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके सामने इकलौते बेटे संदीप के लालन-पालन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उमेश चंद्र खेतीबाड़ी कर परिवार को पालते थे। एसओ अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने खेत में टूटे पड़े तार से करंट लगने की जानकारी दी है।