हैलो एसपी! सीएम योगी का व्यवस्था अधिकारी बोल रहा हूं, आरोपी को छोड़ दें, और पकड़ा गया नटवरलाल
शाहजहांपुर।
तहलका 24×7
पुलिस ने एक नटवरलाल को गिरफ्तार किया है, जो सीएम योगी आदित्यनाथ का व्यवस्था अधिकारी बनकर पुलिस के आला अधिकारियों को धौंस देता था। अफसरों को आदेश देकर उसने कई काम भी करवा लिया। हाल ही में उसने शाहजहांपुर के एसपी राजेश द्विवेदी को फोन किया और खुद को मुख्यमंत्री का व्यवस्था अधिकारी बताया, शक होने पर पुलिस ने फर्रुखाबाद के राहुल भारतीय नाम के यूट्यूबर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए नटवरलाल को जेल भेज दिया गया।

दरअसल राहुल भारती ने 27 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के सीयूजी नंबर पर फोन कर खुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का व्यवस्था अधिकारी बताया। इसके साथ ही गिरफ्तार एक आरोपी को तत्काल छोड़ने के लिए कहा। उसके बात करने के ढंग से एसपी राजेश द्विवेदी को शक हुआ। जब उन्होंने फोन नंबर के आधार पर मामले की जांच कराई तो राहुल के बारे में पता चला। यह भी जानकारी हुई कि इस नाम का सीएम का कोई व्यवस्था अधिकारी नहीं है। इसके बाद सर्विलांस के जरिए पुलिस राहुल तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि राहुल एक यूट्यूबर है। उसने पुलिस को बताया कि गैंगरेप के एक मामले में वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। उसमें उसे जमानत मिली है। पुलिस को राहुल ने बताया कि मीडिया में रहते हुए उसने अधिकारियों से बातचीत करने का तरीका सीख लिया, जिसके बाद उसने कई बार अलग-अलग जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को फोन करके उनसे काम करवाए। पुलिस के मुताबिक राहुल ने इसके लिए पैसे भी वसूले। पुलिस ने राहुल के पास से प्रेस कार्ड भी बरामद किया है। एसपी के मुताबिक राहुल का मोबाइल नंबर ट्रूकॉलर पर भी मुख्यमंत्री व्यवस्था अधिकारी लिखकर आता था।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी का कहना है कि थाना सदर बाजार में राहुल भारती नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो अधिकारियों को फोन करता था। ऐसा ही एक फोन मेरे पास भी आया, उसने एक काम के लिए मुझे कहा, शक होने पर मैंने अभियोग दर्ज कराया और उसको गिरफ्तार किया गया।इसके फोन में कई अधिकारियों से बात करने की जानकारी मिली है।आरोपी को जेल भेज दिया गया।

















