30 जून तक स्मार्ट प्रीपेड मीटर होंगे पोस्टपेड मोड में परिवर्तित, यूपी में विशेष शिविर लगाने के निर्देश
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बड़ा फैसला लिया है।अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डॉ.आशीष गोयल ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में 30 जून तक विशेष शिविर आयोजित कर स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के कनेक्शन पोस्टपेड मोड में बदले जाएं।निर्देशों के अनुसार विद्युत उपकेंद्रों पर“एक छत के नीचे”उपभोक्ताओं की सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में स्मार्ट मीटर बिलों से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा।शिविरों में उपभोक्ताओं को बिल जमा करने,बिल संशोधन कराने,नए कनेक्शन लेने,विद्युत भार बढ़वाने,मीटर बदलवाने तथा अन्य वाणिज्यिक समस्याओं के समाधान की सुविधा मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।अधिशासी अभियंता सहित विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे।सरकार ने जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं,वहां समर्पित विशेष शिविर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के लिए अधीक्षण अभियंता (वितरण एवं वाणिज्य) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर भी अपडेट किए जाएंगे।मिली जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण कटे हुए हैं,उनसे संपर्क कर बिल जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस बीच अवधेश कुमार वर्मा ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के 3.80 करोड़ उपभोक्ताओं में से लगभग 60 प्रतिशत घरों में पहले से इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगे हैं,जो अभी पांच वर्ष की गारंटी अवधि के भीतर हैं।उन्होंने मांग की कि इन मीटरों को हटाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की योजना तत्काल निरस्त की जाए।उनके अनुसार कार्यरत इलेक्ट्रॉनिक मीटर को बदलना फिजूलखर्ची है।
















