360 पदों पर आएगी बीईओ भर्ती, जल्द यूपीपीएससी को भेजा जाएगा नया अधियाचन
# 165 पदोन्नत अधिकारियों के पद भी नई भर्ती में होंगे शामिल,अर्हता होगी स्पष्ट
प्रयागराज।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है।बेसिक शिक्षा विभाग अब करीब 360 रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहा है।अर्हता संबंधी विवाद दूर करने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को नया अधियाचन भेजा जाएगा।

इससे पहले विभाग ने 194 रिक्त पदों का अधियाचन आयोग को भेजा था,लेकिन शैक्षिक अर्हता स्पष्ट न होने के कारण आयोग ने उसे वापस कर दिया था।इसी बीच 165 बीईओ समूह-‘ख’के उच्चतर पदों (बीएसए समकक्ष) पर पदोन्नत हो गए,जिससे उनके पद भी रिक्त हो गए।अब इन रिक्तियों को जोड़कर लगभग 360 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।प्रदेश में बीईओ के 1031 स्वीकृत पद हैं।पहले 837 पदों पर अधिकारी कार्यरत थे और 194 पद खाली थे।

पदोन्नति के बाद रिक्त पदों की संख्या और बढ़ गई है, जिससे कई विकासखंडों में बीईओ की कमी हो गई है। वर्तमान में कई अधिकारियों को एक से अधिक विकासखंडों का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है।
भर्ती प्रक्रिया को कानूनी विवादों से बचाने के लिए विभाग शैक्षिक अर्हता में संशोधन करेगा।

पहले पात्रता में “बीएड अथवा समकक्ष” का उल्लेख था, जिसे लेकर पूर्व की भर्तियों में न्यायालय में विवाद हुआ था। अब आयोग की सलाह पर “समकक्ष” शब्द हटाकर पात्रता को स्पष्ट किया जाएगा।अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि अर्हता स्पष्ट करने के बाद नया अधियाचन यूपीपीएससी को भेजा जाएगा और पदोन्नति से रिक्त हुए सभी पदों को भी नई भर्ती में शामिल किया जाएगा।


















