5 करोड़ रुपये निकालकर 7 करोड़ कमाने निकला बैंक मैनेजर 9 साथियों के साथ धराया
भंडारा।
तहलका 24×7
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के तुमसर तालुका में पुलिस ने एक ड्राईक्लीनर की दुकान में छापा मारकर 5 करोड़ रुपए जब्त किए।पुलिस ने मामले में दुकान के मालिक सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया।आरोपियों से पूछताछ के बाद चौंकाने वाला सच सामने आया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

शहर में पहली बार इतनी बड़ी रकम जब्त की गई थी, जिसे देखने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जिला पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन को सूचना मिली कि ड्राई क्लीनर की दुकान में बड़ी रकम है। उन्होंने टीम भेजकर दुकान पर छापा मारा तो रकम देखकर उनके होश उड़ गए। जो रकम मिली थी वह सूचना से कहीं ज्यादा थी। पुलिस ने पैसे गिनने वाली मशीन मंगवाई, पैसे गिनने के बाद पता चला कि रकम पांच करोड़ रुपये है। पांच बड़े सूटकेस और एक बड़े बैग में पैसे भरकर पुलिस अपने साथ ले गई।

गिरफ्तार किये गये आरोपियों से पूछताछ के अनुसार बैंक के मैनेजर गौरीशंकर बावनकुले ने ही बैंक से रुपए निकालकर इस दुकान में जमा करवाए थे। कुछ लोगों ने बैंक मैनेजर को लालच दिया था कि 5 करोड़ रुपए दो और 7 करोड़ रुपए वापस दूंगा। इस लालच में आकर मैनेजर ने अपने ही बैंक से रुपए निकालकर दुकान में जमा करवाए थे। अब तक पुलिस ने बैंक मैनेजर गौरीशंकर बावनकुले और 8 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली, रायपुर, गोंदिया और तुमसर के आरोपी शामिल हैं।

भंडारा जिले के तुमसर तालुका में ड्राई क्लीनर की दुकान से करोड़ों रुपए मिलने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। एक साथ इतनी बड़ी रकम इस छोटी सी दुकान में मिलने से चर्चाएं शुरु हो गईं। इतनी छोटी सी दुकान में इतना पैसा कैसे और किसके पास से आया, इसको लेकर सवाल उठने लगे। कयास लगाए जा रहे थे कि यह हवाला का पैसा हो सकता है। चूंकि पुलिस ने उस समय किसी को कोई जानकारी नहीं दी थी।

















