# प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी, लगाए प्रशासन मुर्दाबाद के नारे
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 तहसील अधिवक्ता समिति ने आरोपी लेखपालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न किए जाने से आक्रोशित होकर शुक्रवार को तहसील परिसर में जुलूस निकलकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तत्पश्चात बैठक आयोजित कर अधिवक्ताओं घटना की निंदा करते हुए आगे की रणनीति तय किया।
तहसील अधिवक्ता समिति के महामंत्री एडवोकेट पुष्पकान्त यादव ने बताया कि बैठक में कई प्रस्ताव पारित हुए और आंदोलन को तेज करने पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि शाहगंज तहसील के अधिवक्ताओं का एक मंडल दीवानी अधिवक्ता संघ और कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ से मिलेगा जो प्रकरण से अवगत कराएगा। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भी मिला जायेगा। प्रकरण में विधिक कार्यवाही पर भी विचार मंथन होगा।
बैठक में रामचंदर यादव, समर बहादुर यादव, राजदेव यादव, लालता यादव, भारत यादव, रवि श्रीवास्तव, अमरनाथ सिंह, मो. शारिक खान, लालचंद, राजमणि मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, महंतदेव यादव आदि मौजूद रहे।
बताते चलें कि बीते शुक्रवार को निकट संबंधी प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने को लेकर वकीलों और लेखपालों के बीच मारपीट हो गई थी। लेखपाल बृजकिशोर यादव की तहरीर पर आरोपी वकील अजय सिंह और राणा अजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। बाद में वकीलों ने भी तहरीर देकर उक्त लेखपालों पर घूस मांगने और मारपीट का आरोप लगाया था। लेकिन आज तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। आक्रोशित अधिवक्ता इसके विरोध में न्यायालयों के बहिष्कार का अभियान चला रहे हैं।