खड़ी ट्रक में जा घुसी सवारी बस, भीषण टक्कर में एक की मौत, आधा दर्जन घायल
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर के अयोध्या मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन के दो नंबर गेट के सामने शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।दिल्ली से बिहार की ओर जा रही सवारी बस‘सफर एक्सप्रेस’ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के आगे खड़ी गेहूं लड़ी डीसीएम भी इसकी चपेट में आ गई,जिसमें डीसीएम चालक की दर्दनाक मौत हो गई।हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका,जिसके चलते यह हादसा हुआ।टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया,वहीं ट्रक और डीसीएम को भी भारी नुकसान पहुंचा।दुर्घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे,जिससे चीख पुकार मच गई। हादसे में डीसीएम चालक सरपतहा थाना क्षेत्र के रामनगर कटघर निवासी सुनील कुमार यादव पुत्र माता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि करीब आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया,जहां एक यात्री की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरु कराया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया,क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रहा है।मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















