अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
# ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं के लिए शानदार पहल: मनोरमा मौर्या
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी संस्था अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय नि:शुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह खुझी मोड़ स्थित निखार ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

संबोधन में ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।मुख्य अतिथि मनोरमा मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देना अत्यंत सराहनीय पहल है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन स्तर पर भी ऐसे कार्यों को सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा,ताकि इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करने तथा उनके अधिकारों के लिए कार्य करना एक पुनीत कार्य है।भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम हर ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के साथ सीमा गुप्ता,क्षमा सिंह एवं प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता ने प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यशाला में सरोज गुप्ता,डिम्पल गुप्ता,सुमन,आंचल और साक्षी यादव ने प्रशिक्षक के रुप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रशिक्षण शिविर के दौरान पांच श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं,जिनमें बेस्ट मेकअप में रीता, बेस्ट हेयर कट में नेहा निषाद एवं श्रेया सोनकर, हेयर डू में आंचल, बेस्ट स्किन में नेहा भारती तथा एडवांस श्रेणी में प्रीति यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्या,धरमू गुप्ता,शहजादी गुप्ता,दिनेश,उपेन्द्र,डिम्पल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















