खाड़ी देश कमाने गया युवक सड़क हादसे में मौत का शिकार,गांव में मातम
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए खाड़ी देश गए एक युवक की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।हादसे की सूचना जैसे ही उसके गांव सोंगर पहुंची,पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव निवासी 23 वर्षीय मो.अहमद पुत्र अल्ताफ करीब डेढ़ वर्ष पहले रोजगार की तलाश में कुवैत गया था।

वहां वह ड्राइवर के रुप में कार्य करता था।बताया गया कि अपने मालिक के साथ किसी आवश्यक कार्य से वह कुवैत से सऊदी अरब गया था।इसी दौरान उनकी कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई।हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार मालिक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,जिनमें मो.अहमद भी शामिल था।गांव निवासी इश्तियाक अहमद ने बताया कि विदेश से हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मां बेसुध हो गईं,जबकि पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में मातम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।मो.अहमद दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे।परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।पिता खेती-किसानी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं,जबकि घर के खर्च,भाई-बहनों की पढ़ाई और भविष्य की जिम्मेदारियों में मो.अहमद की विदेश से भेजी गई कमाई अहम भूमिका निभाती थी।

उनकी असमय मौत से परिवार की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचा है।ग्रामीणों ने बताया कि मो.अहमद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे।परिवार की खुशहाली के लिए उन्होंने कम उम्र में ही विदेश का रुख किया था।उनकी मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। परिजन उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से शव को जल्द भारत लाने में सहयोग की मांग की है, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।


















