ग्राम रोजगार सेवकों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
उप्र ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को जिले के सभी ग्राम रोजगार सेवकों ने संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चौरसिया के नेतृत्व में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को सम्बोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी मनीष वर्मा को सौंपा।

मांग पत्र में प्रमुख रूप से गत 04 अक्टूबर 2021 को डिफेंस एक्सपो के मैदान में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम रोजगार सेवकों के सम्बंध में की गई घोषणाओं पर आदेश निर्गत कराए जाए, ग्राम रोजगार सेवकों से मूल ग्राम पंचायतों के साथ साथ अन्य रिक्त ग्राम पंचायतों के कार्य लिए जाए, कोविड के अतिरिक्त आकस्मिक दुर्घटना से मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को सेवा में समायोजित कराया जाए, राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं अन्य निधियो में श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान मनरेगा से कराए जाय, ईपीएफ कटौती की धनराशि कर्मचारियों के यूएएन खाते में भेजी जाए, अनुमोदन से विरक्त ग्राम रोजगार सेवकों के अनुमोदन कराते हुए ग्राम पंचायतों में योगदान लिया जाए, ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, पूर्व के बकाया मानदेय भुगतान हेतु निर्देश जारी किये जाए तथा बिल बाउचर, मस्टर रोल पर अनिवार्य हस्ताक्षर व श्रमिकों की डिमांड ग्राम रोजगार सेवक से ही लिया जाय। प्रत्येक माह प्रदेश स्तर/जनपद स्तर पर समस्याओं के निराकरण हेतु बैठक की तिथि निर्धारित कराए जाने जैसी प्रमुख माँगे है।

















