जहरखुरानी गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार,तमंचा,नशीला पदार्थ व दो कार बरामद
# शाहगंज-खेतासराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, यात्रियों को बनाते थे निशाना
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहगंज व खेतासराय की संयुक्त पुलिस टीम ने जहरखुरानी करने वाले गिरोह के तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस,नशीला पाउडर,नशीली गोलियां तथा दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी चेकिंग के दौरान चिरैया मोड़ बिलार मऊ रोड से की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में हनुमान निषाद,अंकित निषाद व आकाश उर्फ गुलशन यादव शामिल हैं।जबकि एक अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन और बस से उतरने वाले यात्रियों या सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को अपनी गाड़ी में बैठाकर उन्हें खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देते थे।इसके बाद उनका सामान लूटकर रास्ते में छोड़ देते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक आल्टो कार तथा जहरखुरानी से अर्जित धन से खरीदी गई एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है।इस संबंध में थाना शाहगंज में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास लंबा है और ये गिरोह कई जनपदों में सक्रिय रहा है।


















