जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला,कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
वाराणसी।
तहलका 24×7
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया,जब एक महिला जिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और स्वयं को न्यायाधीश बताते हुए अदालत की कार्यवाही संचालित करने लगी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर कैंट थाने भेज दिया।जानकारी के अनुसार,सुबह करीब नौ बजे महिला जिला जज के कक्ष में पहुंची और न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला ने टेबल पर रखे हैमर को बजाते हुए “ऑर्डर-ऑर्डर” कहना शुरु कर दिया, वहां मौजूद लोगों से मामलों के गवाह और साक्ष्य पेश करने को कहा।इसके बाद उसने न्यायालय की फाइलें उठाकर देखना भी शुरु कर दिया।अचानक हुई इस घटना से न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ता और कर्मचारी हैरान रह गए।कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरु किया तो महिला नाराज हो गई। अधिवक्ताओं ने उसे कुर्सी छोड़कर बाहर जाने के लिए कहा,लेकिन वह अपनी जगह पर डटी रही।

स्थिति को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया।पुलिस टीम ने महिला को समझाने का प्रयास किया,लेकिन उसके नहीं मानने पर उसे हिरासत में लेकर कैंट थाने भेज दिया गया।इस दौरान करीब एक घंटे तक न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।पुलिस के अनुसार महिला की पहचान वंदना गुप्ता के रुप में हुई।प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला का न्यायालय में कोई मामला लंबित नहीं है।बताया जा रहा है कि वह पूर्व में भी कई बार न्यायालय परिसर में इसी प्रकार की हरकत कर चुकी है। पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।वहीं घटना को लेकर न्यायालय परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

















