जौनपुर : एक शिक्षित कन्या दो कुलों को करती है रोशन, चहुमुंखी विकास की कुंजी है शिक्षा- महामहिम केरल
बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
बदलापुर महोत्सव में आयोजित सामूहिक विवाह के मुख्य अतिथि केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि कन्याओं की शादी करने कराने का सौभाग्य बिड़लों को ही मिलता है। इससे पुनीत कार्य धरातल पर कोई नहीं है। कन्या का विवाह कराना सबसे बड़ा धर्म है। आयोजक विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने यह कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश में उदाहरण प्रस्तुत किया है। अन्य जनप्रतिनिधियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं को बालकों की अपेक्षा अधिक शिक्षा दें क्योंकि जब लड़कियां शिक्षित होती हैं तो अपने संस्कारों से दो कुलों के रोशन करती हैं। आप सब बेटियों को बेटों से ज्यादा परवरिश व सम्मान दें क्योंकि बेटियां घर, परिवार, समाज की आन, बान तथा शान होती हैं। उन्होंने जौनपुर के इतिहास को दोहराते हुए कहा कि भारत में ही नहीं अपितु विदेशों में भी जौनपुर को प्राचीन काल से ही शिक्षा के लिए ज्ञान का केंद्र माना जाता है।

महोत्सव को समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर काम कर रही है। जिसका उदाहरण यहां आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना है। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित तथा अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए तरह तरह की महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही हैं। 251 जोड़ी शादी के बजाय 311 जोड़ी शादी इस समारोह में कराया गया है। अतरिक्त जोड़ी शादी के लिए भी हम अलग से बजट एलाट कर उन्हें भी योजना का लाभ देने का काम करेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि बदलापुर महोत्सव में प्रतिभाओं को एक मंच मिलता है। जहां से निखर कर लोग अपनी प्रतिभा को बिखेरने का काम करते हैं। महोत्सव का कारवां बढ़ता रहे यही मेरी कामना है। इसके पूर्व अभय चैतन्य स्वामी मौनी जी महाराज सगरा अमेठी, सांसद बीपी सरोज, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

आयोजक विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण एवं संचालन अवनीन्द्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, सीडीओ साईं सीलम तेजा, दिनेश सिंह बब्बू, भाजपा नेता विनय सिंह, डा प्रमोद मिश्र, जटाशंकर सिंह, योगेश पाण्डेय, साहब लाल कन्नौजिया, सुरेश चौहान, विनोद तिवारी सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
















