नगर पालिका को सीवरेज व जल निकासी कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये का बजट,शासन ने दी स्वीकृति
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर क्षेत्र में सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम पहल करते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने शाहगंज नगर पालिका परिषद के लिए दो करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है।यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राज्य सेक्टर की ‘सीवरेज एवं जल निकासी’ योजना के तहत उपलब्ध कराई जाएगी।

नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र द्वारा जारी पत्र में सभी जिलाधिकारियों,नगर निगमों तथा नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शासन स्तर पर स्वीकृत सूची के अनुसार संबंधित निकायों को योजना के अंतर्गत धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। शाहगंज नगर पालिका परिषद को स्वीकृत दो करोड़ रुपये से नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या वाले स्थानों पर नालों के निर्माण,सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा जल निकासी संबंधी विकास कार्य कराए जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

इससे बरसात के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों में राहत मिलने की उम्मीद है।उक्त जानकारी पालिका परिषद के मनोनीत सभासद श्याम जी गुप्ता ने देते हुए बताया कि शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन निकायों ने पहले ही इस योजना के अंतर्गत प्रस्ताव उपलब्ध करा दिए हैं,उन्हें दोबारा प्रस्ताव भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।संबंधित कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराए जाएंगे।

















